उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस सचिव अरुण चौहान ने भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें मुंह की खानी पड़ेगी। प्रेस को जारी बयान के माध्यम से अरुण चौहान ने कहा कि भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों यानि विधायक व मेयर ने जनता को सब्जबाग दिखाने के अलावा कुछ नहीं किया। इन दोनों की काशीपुर में ऐसी कोई उपलब्धि नहीं है, जिसका ये खुलकर बखान कर सकें। हां, समस्याओं का अंबार लगा है और इन समस्याओं का निवारण करने में विधायक व मेयर असफल साबित हुए हैं। क्षेत्र में जलभराव की प्रमुख ज्वलंत समस्या आज भी मुंहबाये खड़ी है, विधायक व मेयर इसका निस्तारण नहीं करा सके। टूटी-फूटी सड़कें विधायक व मेयर की जनहितकारी कार्यशैली की पोल खोल रही हैं। ताजा उदाहरण नगर में बन रहा आरओबी है, जिसकी धीमी गति ने आमजन एवं व्यापारियों को हल्कान कर दिया और विधायक तो क्या भाजपा के सांसद भी आरओबी निर्माण कार्य को रफ्तार दिलाने में नाकाम रहे। कांग्रेसी नेता ने कहा कि काशीपुर की जनता ने लगातार चार बार यहां भाजपा का फूल खिलाया, लेकिन भाजपा ने जनता को “फूल” बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब भाजपा से जनता का मोहभंग हो गया है। अरुण चौहान ने कहा कि भाजपा के हाथों छली गई जनता अब कांग्रेस का हाथ थामकर चलने को तैयार है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में सम्पूर्ण राज्य के साथ ही काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।






सम्पादक
खबर प्रवाह

More Stories
निर्माण का मलवा सडकों पर फेंका तो होगी कार्रवाई, नगर निगम काशीपुर ने जारी की सख्त चेतावनी।
भोजन माताओं के समर्थन में उतरी कांग्रेस, काशीपुर जिलाध्यक्ष अलका पाल बोलीं भोजन माताओ का सड़कों पर उतरना सरकार की नारी विरोधी सोच का नतीजा।
काशीपुर में महीने भर के भीतर तीसरा तेंदुआ पिंजरे में फंसा