April 4, 2026

New Flow

Khabar Bina Ruke Sabse Pehle

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री पहुंचे काशीपुर, कांग्रेस पर साधा निशाना।

Spread the love

खबर प्रवाह (NEWS FLOW) 25 अक्टूबर,2025

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी आज ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर होते हुए काशीपुर पहुंचे। जसपुर में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के द्वारा जबरदस्त स्वागत सत्कार के बाद काशीपुर में पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त उत्साह और जोश के साथ उनका स्वागत किया। पूरे शहर में मानो जश्न का माहौल बन गया, जब सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मंडी क्षेत्र से लेकर मुख्य मार्ग होते हुए नव-निर्मित भाजपा जिला कार्यालय तक के रोड शो में शामिल हुए। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से कोश्यारी का अभिनंदन किया।

काशीपुर में देर शाम शुरू हुए रोड शो के बाद भाजपा के जिला कार्यालय पहुंचकर दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने मीडिया से बातचीत के दौरान और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भाजपा संगठन के उस विचार का प्रतीक है जो हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और संगठन मंत्री अजेय कुमार का धन्यवाद करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों का विषय है। उन्होंने काशीपुर को अपना दूसरा घर बताया और कहा कि यहां की जनता और कार्यकर्ताओं से उन्हें हमेशा अपार स्नेह मिला है। भाजपा के प्रति जनता का बढ़ता विश्वास बताता है कि उत्तराखंड में पार्टी की पकड़ पहले से अधिक मजबूत हो चुकी है और आने वाले वर्षों में यह और सशक्त होगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन और युवा मोर्चा की आगामी योजनाओं को लेकर भाजपा पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में पार्टी युवा शक्ति के दम पर एक बार फिर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। भाजपा का हर कार्यकर्ता इस समय चुनावी तैयारी में जुटा है और संगठन की दिशा में समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। युवा मोर्चा को पार्टी का हृदय बताते हुए उन्होंने कहा कि संगठन का लक्ष्य है कि आने वाले समय में युवाओं को राजनीति में और अधिक सशक्त स्थान मिले। उनका कहना था कि पार्टी जिस तरीके से कार्यकर्ताओं को ऊपर ला रही है, वह लोकतांत्रिक संस्कृति की सच्ची मिसाल है और यही भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाती है।

दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष अब जनता से कट चुका है और उसकी राजनीति केवल आलोचना तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि जब-जब कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर हमला बोला, जनता ने धामी के प्रति और अधिक समर्थन दिखाया। उन्होंने हाल ही में हुई पेपर लीक की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने युवाओं की भावनाओं को समझते हुए न केवल त्वरित कार्रवाई की बल्कि राज्य में नकल विरोधी कानून लाकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने युवाओं का विश्वास दोबारा अर्जित किया है और यही विश्वास भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है।

कोश्यारी ने कहा कि उत्तराखंड आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने केदारनाथ धाम में बढ़ती यात्राओं, राज्य में हुए रिकॉर्ड विकास कार्यों और युवाओं के लिए खुल रहे नए अवसरों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड आज देवभूमि ही नहीं, बल्कि खेलभूमि के रूप में भी पहचाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पारदर्शिता और विकास को अपनी प्राथमिकता बनाया है, जिसके परिणाम अब जमीन पर दिख रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा सरकार देश और राज्य दोनों में निरंतर प्रगति कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में राज्य में रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पहले जहां साल में कुछ हजार नियुक्तियां होती थीं, वहीं अब 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ेगी क्योंकि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए समर्पित है।

इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व जिला अध्यक्ष गुंजन सुखीजा, जिला उपाध्यक्ष लविश अरोड़ा, पूर्व विधायक प्रत्याशी गगन कांबोज, भाजपा जिला महामंत्री अमित सिंह, मुकेश चावला, प्रकाश नेगी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।