May 26, 2026

New Flow

Khabar Bina Ruke Sabse Pehle

जानिए किसने और क्यों बताया पुष्कर सिंह धामी को रिमोट संचालित मुख्यमंत्री।

Spread the love

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस सचिव अरुण चौहान ने केन्द्र व प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह किसानों का दुश्मन होने का परिचय दे रही है। केन्द्र सरकार जहां तीन कृषि कानून वापस लिये जाने की किसानों द्वारा सालभर से की जा रही मांग की लगातार अनदेखी कर हिटलरशाही का खुला प्रमाण दे रही है, वहीं प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के साथ दोगलापन कर रही है। अरुण चौहान ने कहा कि वर्तमान में गेहूं बुवाई के सीजन में किसानों को खाद की आपूर्ति सुचारू रूप से न होने पर किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। किसानों को सही समय पर खाद न मिलने से उनकी फसलों का नुकसान हो रहा है। कांग्रेसी नेता ने कहा कि गन्ना किसानों का समर्थन मूल्य भी सरकार अभी तक घोषित नहीं कर सकी है, जिससे किसानों में बेहद आक्रोश है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के साथ ही देश व प्रदेश के भाजपा नेता किसानों के हितैषी होने का लगातार राग अलापते हैं, लेकिन हकीकत क्या है ये किसानों के साथ ही आम जनता अच्छी तरह देख, सुन व समझ रही है। भाजपा शासनकाल में सुरसा के मुख की भांति निरंतर बढ़ती ही जा रही मंहगाई पर भी कांग्रेसी नेता अरुण चौहान ने सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा शासनकाल में मंहगाई के सारे रिकॉर्ड टूट चुके हैं। पेट्रो पदार्थ, खाद्य तेल, घी, रिफाइंड, चीनी, दालों के साथ ही सब्जी के दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन सरकार इन्हें नियंत्रित नहीं कर पा रही है। नियंत्रित करे भी तो कैसे, उसे चुनावी रणनीति बनाने से ही फुर्सत नहीं है। देश व प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी से भी सरकार को कोई सरोकार नहीं है। अरुण चौहान ने कहा कि जनता का ध्यान मंहगाई व बेरोजगारी से भटकाने के लिए रिमोट संचालित उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा हर दिन लोक लुभावन घोषणाएं की जा रही हैं। अरुण चौहान ने इन घोषणाओं को मात्र चुनावी घोषणाएं बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी घोषणाएं नहीं, काम करने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म व जाति के नाम पर लोगों को तोड़ने का काम करती है, जबकि कांग्रेस सभी को साथ लेकर चलती है। अरुण चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव ही किसानों व मजदूरों का साथ दिया है और आगे भी उनका साथ देती रहेगी। महिलाओं को सम्मान, बेरोजगारों को रोजगार, किसानों व मजदूरों को उनका हक और आमजन को खुशहाली सिर्फ कांग्रेस शासनकाल में ही मिल सकती है। भाजपा शासन से समाज का हर वर्ग त्रस्त है और तानाशाही भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने को अब पूरी तरह संकल्पबद्ध है।