August 26, 2026

News Flow

Khabar Bina Ruke Sabse Pehle

जिलाधिकारी ने किया 2 अप्रैल से शुरू होने वाले चैती मेला स्थल का निरीक्षण, दिए साफ- सफाई के निर्देश।

Spread the love

आगामी 2 अप्रैल से काशीपुर में शुरू होने वाले उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध चैती मेले की तैयारियों को लेकर आज उधम सिंह नगर जिले के जिलाधिकारी युगल किशोर पन्त काशीपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने काशीपुर उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह के साथ चैती मेला परिसर पहुंचकर मां बाल सुंदरी देवी के दर्शन किए और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आपको बताते चलें कि उधम सिंह नगर जिले के डीएम युगल किशोर पंत आज काशीपुर में स्थित मां बाल सुंदरी मंदिर पहुंचे और मां बाल सुंदरी देवी के दर्शन किए। इस दौरान मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री ने उन्हें पूजा अर्चना कराई। इसके बाद डीएम ने मंदिर परिसर में ही भैरव मंदिर, काली मंदिर, राम दरबार आदि मंदिरों में भी मत्था टेका। पंडा वंशगोपाल ने डीएम को ऐतिहासिक मंदिर की जानकारी दी। इसके बाद डीएम ने एसडीएम से दो अप्रैल से शुरू होने वाले चैती मेले को लेकर जानकारी ली और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।

एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया मेला क्षेत्र 31 एकड़ में फैला हुआ है। जिसे 27 सेक्टरों में बांटा गया है। मेले के लिए दुकान, ठेला, पार्किंग आदि के छह टेंडर निकाले जा चुके हैं जो 28 मार्च को खोले जाएंगे। मंदिर पंडाओं ने मंदिर परिसर में रंगाई-पुताई करवाने, जहां से देवी डोला आता है उस क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने, मेले के पीछे के हिस्सों में हाईमास्ट लाइट लगवाने की मांग की। डीएम ने बताया मेला दो अप्रैल से शुरू होगा और करीब एक महीने चलेगा। मेले में कोविड गाइड लाइन का पालन कराया जाएगा। अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा गया है। वही आपको अवगत करा दें कि बीते 2 वर्ष से कोविड-19 वैश्विक महामारी के चलते यह मेला नहीं लग पाया था। इस बार चैती मेला आगामी 2 अप्रैल को शुरू होने वाले चैत्र मास के प्रथम नवरात्र से ध्वज पताका फहराने के साथ ही शुरू हो जाएगा तथा मां का डोला सप्तमी और अष्टमी तिथि की मध्यरात्रि मां बाल सुंदरी देवी के नगर मंदिर से चैती मेला मंदिर के लिए रवाना होगा। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त आलोक उनियाल, पंडा कृष्ण गोपाल अग्निहोत्री, शक्ति अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।

You may have missed