August 26, 2026

News Flow

Khabar Bina Ruke Sabse Pehle

काशीपुर में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह, काशीपुर में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, 135 फीट ऊंचे तिरंगे का मेयर दीपक बाली ने किया उद्घाटन

Spread the love

देशभर के साथ काशीपुर में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। शहर के सरकारी, राजनीतिक और सामाजिक संस्थानों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजनों और उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।
भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने ध्वजारोहण किया। वहीं कोतवाली काशीपुर में एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी।
काशीपुर नगर निगम परिसर में मेयर दीपक बाली ने विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, दर्जा राज्य मंत्री सीमा चौहान, नगर निगम पार्षदों और शहर के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इसके बाद नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का भाव जगाया।
कार्यक्रम के दौरान कारगिल शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मान दिया गया।
समारोह के बाद नगर निगम से स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। गाजे-बाजे और देशभक्ति के नारों के बीच मेयर दीपक बाली मुख्य बाजार होते हुए अल्ली खां चौक पहुंचे।
यहां मेयर दीपक बाली ने 135 फीट ऊंचे पोल पर स्थापित विशाल राष्ट्रीय ध्वज को फहराकर उसका विधिवत उद्घाटन किया। विशाल तिरंगा लहराते ही पूरा क्षेत्र भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शहरभर में उत्सव और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

You may have missed