80वें स्वतंत्रता दिवस पर काशीपुर के अल्ली खां चौक ने ऐसा दृश्य देखा, जिसने देशभक्ति के साथ-साथ शहर की सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की तस्वीर भी पेश की। करीब 135 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के फहराते ही पूरा इलाका ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। खास बात यह रही कि इन नारों में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज के लोगों की आवाज एक साथ सुनाई दी।
नगर निगम से महापौर दीपक बाली, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा और भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल के नेतृत्व में निकली विशाल तिरंगा यात्रा जब अल्ली खां चौक पहुंची तो वहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहले से मौजूद थे। घरों की छतों से भी लोग हाथों में तिरंगा लेकर कार्यक्रम का हिस्सा बने। तिरंगा फहराए जाने के बाद शमशुलउलूम जूनियर हाईस्कूल की छात्राओं ने प्रधानाचार्य रानी खान के नेतृत्व में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया, जिससे माहौल और भी भावुक व देशभक्ति से भर उठा।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण उस समय देखने को मिला जब महापौर दीपक बाली ने जमीन पर लेटकर राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया। इस दौरान मौजूद लोगों ने तालियों और जयकारों के साथ उनका अभिवादन किया। कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी ने अल्ली खां क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि इस विशाल तिरंगे की स्थापना में मुस्लिम पार्षदों और अल्ली खां क्षेत्र की जनता का विशेष सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि शहर का विकास किसी जाति या धर्म को देखकर नहीं, बल्कि सभी नागरिकों को समान रूप से साथ लेकर किया जाएगा। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सहयोग के लिए क्षेत्रवासियों का आभार जताया।
इससे पहले सुबह से ही शहर स्वतंत्रता दिवस के रंग में रंगा नजर आया। प्रभात फेरी के बाद नगर निगम परिसर में महापौर दीपक बाली, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, राज्यमंत्री सीमा चौहान, पूर्व मेयर उषा चौधरी, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट समेत पार्षदों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया।
नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शिखर पब्लिक स्कूल, गुरुकुल फाउंडेशन, जीबी पंत इंटर कॉलेज समेत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्र और पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
इसके बाद नगर निगम से निकली तिरंगा यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई वार्ड संख्या 25 स्थित अल्ली खां चौक पहुंची, जहां विशाल राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, डॉ. यशपाल रावत, राजदीपिका मधुर, हसीन खान, मोहम्मद अशरफ एडवोकेट, पूर्व चेयरमैन शमसुद्दीन, मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह, पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक, पुष्कर बिष्ट, विजय बॉबी, राशिद फारुकी, शाह आलम समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और शहरवासी मौजूद रहे।
अल्ली खां चौक पर उमड़ी भीड़ और तिरंगे के नीचे एक साथ खड़े विभिन्न समुदायों के लोगों ने स्वतंत्रता दिवस को केवल एक समारोह नहीं, बल्कि एकता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम के उत्सव में बदल दिया।

सम्पादक
खबर प्रवाह


More Stories
प्रेमी के जन्मदिन पर पति को दिया मौत का गिफ्ट, सड़क हादसा समझी गई मौत निकली हत्या, पत्नी की साजिश का पुलिस ने किया खुलासा
हादसा समझ रही थी पुलिस, गले पर मिले संदिग्ध निशान; हत्या की आशंका, फॉरेनसिक टीम ने जुटाये साक्ष्य।
काशीपुर में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह, काशीपुर में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, 135 फीट ऊंचे तिरंगे का मेयर दीपक बाली ने किया उद्घाटन