खबर प्रवाह (NEWS FLOW) 19 अगस्त, 2025
काशीपुर कोतवाली के अंतरगत प्रतापपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में बीते 17 अगस्त को सड़क किनारे खेत में खून से लथपथ मिले युवक की मौत का पुलिस ने महज 48 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया। जिस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा माना जा रहा था, वह साजिशन हत्या निकली। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दो विधि-विवादित किशोर साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दोनों किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। पूरे मामले का खुलासा जिले के पुलिस कप्तान अजय गणपति ने आज एसपी कार्यालय काशीपुर में किया।
पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त की सुबह प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे एक कार और उसमें खून से लथपथ युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान करीब 24 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र सोमल सिंह निवासी बाजावाला, डिलिया नंबर-01, कुंडेश्वरी, काशीपुर के रूप में हुई। घटनास्थल पर परिस्थितियां प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना की ओर इशारा कर रही थीं, लेकिन पुलिस ने मृतक के गले पर चोट के निशानों की बारीकी से जांच की तो वे दुर्घटना से अलग और संदिग्ध प्रतीत हुए।
पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराया। इसी बीच मृतक की पत्नी निशा की तहरीर पर कोतवाली काशीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को मृतक की पत्नी के बयानों से मिलाया गया। इस दौरान उसके बयानों में विरोधाभास सामने आने पर पुलिस का शक गहराता गया।
प्रेम प्रसंग ने रची हत्या की साजिश
जांच में सामने आया कि निशा का एक विधि-विवादित किशोर एस से प्रेम प्रसंग था। एस का दोस्त के भी उसके संपर्क में था और दोनों किशोर अक्सर संजीव के घर आते-जाते थे। पुलिस के अनुसार निशा अपने पति के साथ होने वाले विवादों की जानकारी एस को देती थी।जांच के मुताबिक धीरे-धीरे पति संजीव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। इसके बाद निशा और दोनों किशोरों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
जन्मदिन की पार्टी के बहाने निकले
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त को संजीव का जन्मदिन था। इसी बहाने निशा, दोनों किशोरों और संजीव के साथ उसकी निजी कार से रामनगर घूमने निकले। रामनगर में हत्या का मौका नहीं मिलने पर तीनों वापस काशीपुर की ओर लौटे।
पुलिस के मुताबिक राजपुर रोड, बारी के पास योजना के अनुसार कार चला रहे संजीव के पीछे बैठे किशोर के ने तमंचे से उसके सिर के पीछे गोली मार दी। गोली लगते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरी। इसके बाद दोनों किशोर घायल संजीव को कार में ही छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद दूसरे किशोर एस ने फोन कर निशा को बताया कि काम हो गया है। पुलिस के मुताबिक हत्या को सड़क हादसा दिखाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन वैज्ञानिक विवेचना और पुलिस की सतर्कता से साजिश का खुलासा हो गया।
मालवा फार्म पुलिया से पकड़े गए दोनों किशोर
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 19 अगस्त को पुलिस टीम ने कुंडेश्वरी क्षेत्र स्थित मालवा फार्म पुलिया के पास दोनों विधि-विवादित किशोरों को पकड़ लिया। पूछताछ में पुलिस को घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा, तीन खोखा कारतूस, पांच जिंदा कारतूस और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए गए।
जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी निशा की हत्या की साजिश में मुख्य भूमिका सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार विवेचना और कथित आरोपियों की शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की जांच में दोनों किशोर नाबालिग पाए गए हैं। दोनों के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में एसएसआई नवीन बुधानी, एसआई कौशल भाकुनी, एसआई मनोज सिंह धौनी, एसआई मीना रावत, एसआई गणेश पांडे, एसआई संजय सिंह, एसआई कनक पटवाल, एसआई गिरिश चंद्र, कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार, धीरज सिंह, गजेंद्र गिरी, किरण कुमार मेहता सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। एसओजी काशीपुर की टीम से एसआई सुनील सुतैड़ी, कांस्टेबल इमरान और कांस्टेबल हरिश ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

सम्पादक
खबर प्रवाह


More Stories
हादसा समझ रही थी पुलिस, गले पर मिले संदिग्ध निशान; हत्या की आशंका, फॉरेनसिक टीम ने जुटाये साक्ष्य।
135 फीट ऊंचे तिरंगे तले एक हुआ काशीपुर, मेयर दीपक बाली ने रचा इतिहास, मोहल्ला अल्ली खां में लहराया तिरंगा।
काशीपुर में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह, काशीपुर में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, 135 फीट ऊंचे तिरंगे का मेयर दीपक बाली ने किया उद्घाटन